शिवपुरी के पिछोर में खनिज विभाग की कार्रवाई को लेकर विवाद गहरा गया है। लोधी युवा शक्ति संगठन ने कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपकर खनिज निरीक्षक पर युवक से मारपीट और मोबाइल छीनने के आरोप लगाए हैं। वहीं खनिज निरीक्षक ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए वीडियो को एडिटेड बताया है।
19 जून की घटना को लेकर सोमवार को लोधी युवा शक्ति संगठन ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की। संगठन का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान मंगल लोधी का मोबाइल छीन लिया गया, उनके साथ अभद्रता, थप्पड़ और धक्का-मुक्की की गई। साथ ही मंगल लोधी पर दर्ज एफआईआर को गलत बताते हुए उसे निरस्त करने की मांग की गई है। संगठन ने 112 वाहन के उपयोग की भी जांच और खनिज निरीक्षक ऋषभ सिंह दीक्षित के निलंबन की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि सात दिन में कार्रवाई नहीं होने पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।
पिछोर थाना प्रभारी नीतू सिंह अहिरवार ने कहा कि खनिज विभाग के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया था और पूरे प्रकरण की जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खनिज निरीक्षक ऋषभ सिंह दीक्षित ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि वायरल वीडियो काट-छांटकर पेश किया गया है। उनके अनुसार एक अन्य वीडियो में मंगल लोधी जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को ले जाने से रोकते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मंगल लोधी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज अब तक प्रस्तुत नहीं किए गए हैं।
फिलहाल दोनों पक्ष अपने-अपने दावे कर रहे हैं। मामले की जांच जारी है और अब सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।







Be First to Comment