Press "Enter" to skip to content

आधी रात खेत की झोपड़ी बनी आग का निशाना, लाखों का सामान राख; दो पर FIR रखवाली कर रहे किसान ने पड़ोसियों पर लगाए आरोप / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के नरवर थाना क्षेत्र में खेत की रखवाली कर रहे एक किसान परिवार की झोपड़ी में आधी रात आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। आगजनी की इस घटना में कृषि सामग्री, अनाज, बीज और घरेलू सामान सहित करीब दो लाख रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार धुवाई तालाब के सामने निवासी 60 वर्षीय पीरा शाह 23 जून की रात अपने खेत पर बनी पाटौर में सो रहे थे। रात करीब 2 बजे उन्हें कुछ संदिग्ध आवाजें सुनाई दीं। पीड़ित का आरोप है कि जब वह पीछे की ओर पहुंचे तो उन्होंने पड़ोसी हबीब शाह और नाजू शाह को उनकी रहवासी टपरिया में आग लगाकर भागते हुए देखा।

पीरा शाह के शोर मचाने पर परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। आग में गेहूं, आटा, बीज, कृषि उपकरण, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।

पीड़ित ने करीब दो लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है। घटना की सूचना पर नरवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 326(ग) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आग समय रहते नहीं बुझाई जाती तो आसपास के खेत और अन्य झोपड़ियां भी इसकी चपेट में आ सकती थीं।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!