Press "Enter" to skip to content

परीक्षा के लिए नहीं करना पड़ेगा पलायन? शिवपुरी को स्थायी एग्जाम सेंटर बनाने राज्यवर्धन सिंह गौर ने केंद्रीय मंत्री से की मांग / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के हजारों प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों की सुविधा को लेकर शिवपुरी में स्थायी परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाने की मांग तेज हो गई है। सामाजिक कार्यकर्ता राज्यवर्धन सिंह गौर ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को ज्ञापन भेजकर राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं का स्थायी केंद्र शिवपुरी में स्थापित करने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, राघौगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में विद्यार्थी SSC, RRB, IBPS, CUET, NTA समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं। लेकिन अधिकांश परीक्षा केंद्र ग्वालियर, भोपाल, इंदौर और जबलपुर जैसे शहरों में होने से छात्रों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

ज्ञापन के अनुसार, दूरस्थ केंद्रों के कारण विद्यार्थियों पर यात्रा, आवास और भोजन का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार संसाधनों की कमी के कारण छात्र समय पर परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच पाते।

राज्यवर्धन सिंह गौर ने पत्र में उल्लेख किया है कि शिवपुरी भौगोलिक दृष्टि से उपयुक्त स्थान है और यहां परीक्षा संचालन के लिए आवश्यक शैक्षणिक संस्थान, कंप्यूटर लैब, इंटरनेट कनेक्टिविटी सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। उनका कहना है कि शिवपुरी में स्थायी परीक्षा केंद्र बनने से जिले सहित आसपास के हजारों युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री से शीघ्र कार्रवाई कर शिवपुरी को स्थायी परीक्षा केंद्र के रूप में स्वीकृति देने का आग्रह किया है, ताकि क्षेत्र के युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें और अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!