शिवपुरी जिले के बदरवास में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बदरवास थाना क्षेत्र के रिजौदी घाट पर संयुक्त छापेमार कार्रवाई की। पुलिस, खनिज विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने देर रात कार्रवाई कर रेत से भरे 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 3 हाइड्रा मशीनों को जब्त किया।
रोजनामचा में दर्ज जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा के नेतृत्व में बदरवास, इंदार, लुकवासा और रन्नौद थाना पुलिस के साथ खनिज विभाग की टीम रिजौदी घाट पहुंची। कार्रवाई के दौरान टीमों का गठन कर अलग-अलग मार्गों पर घेराबंदी की गई।
संयुक्त टीम ने घाट पर अवैध रूप से रेत भरने का कार्य कर रहे 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 3 हाइड्रा मशीनों को पकड़ा। मौके पर खनिज विभाग के अधिकारियों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आसपास के गांवों से लोगों के आने की संभावना को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात रहा।
जब्त किए गए सभी वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से बदरवास थाना लाया गया, जहां उनकी जब्ती की कार्रवाई कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। खनिज विभाग द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









Be First to Comment