Press "Enter" to skip to content

सुबह की रसोई बनी मातम का मंजर: सिलेंडर विस्फोट में 4 साल की मासूम की मौत, चार घायल / Shivpuri News

शिवपुरी जिले के खनियांधाना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुड़र में बुधवार सुबह करीब 8 बजे रसोई गैस सिलेंडर फटने से दर्दनाक हादसा हो गया। धमाका इतना तेज था कि मकान की दीवार भरभराकर गिर गई और देखते ही देखते घर में भीषण आग लग गई। हादसे में 4 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, प्राणसिंह प्रजापति के घर में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाके के बाद मकान का एक हिस्सा ढह गया और आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। मलबे में दबने से जानवी प्रजापति (4 वर्ष) पुत्री प्राणसिंह प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में प्राणसिंह प्रजापति (25 वर्ष), रोशनी प्रजापति (22 वर्ष), शिवा प्रजापति (2 वर्ष) एवं सरला आदिवासी (10 वर्ष) घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय शिवपुरी रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही खनियांधाना थाना पुलिस, प्रशासनिक अमला और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसा गैस सिलेंडर फटने से होना बताया जा रहा है, जबकि विस्फोट के वास्तविक कारणों और संभावित लापरवाही की जांच की जा रही है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!