Press "Enter" to skip to content

हत्या के 24 घंटे बाद भी नहीं थमा गुस्सा: शव रखकर फिर जाम, बोले परिजन- SP और कलेक्टर आए बिना नहीं होगा अंतिम संस्कार / Shivpuri News

शिवपुरी। भौंती थाना क्षेत्र के भैरावन गांव में प्राइवेट क्लीनिक संचालक प्रभान लोधी की पीट-पीटकर हत्या के मामले में गुरुवार को एक बार फिर माहौल तनावपूर्ण हो गया। पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने भौंती थाने के सामने दोबारा जाम लगा दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।

परिजनों का आरोप है कि हत्या के मामले में नामजद आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं और गवाहों व परिवार के सदस्यों को धमकियां दे रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक पुलिस अधीक्षक (SP) और कलेक्टर मौके पर नहीं पहुंचते, तब तक वे मृतक का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

परिजनों ने यह भी मांग उठाई कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और उनके मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की जाए। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही।

गौरतलब है कि बुधवार शाम भैरावन गांव में 40 वर्षीय क्लीनिक संचालक प्रभान लोधी की लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। मामले में भौंती पुलिस ने देर रात 15 नामजद और 15 अज्ञात सहित कुल 30 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!