शिवपुरी। मड़ीखेड़ा पेयजल परियोजना को लेकर लंबे समय से सामने आ रही शिकायतों और शहर में बनी पानी की समस्या के बीच एक बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। करीब 9 वर्षों से पदस्थ एई सचिन चौहान का स्थानांतरण कर दिया गया है। इस कार्रवाई को लेकर शहर में चर्चा है कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा पेयजल व्यवस्था को लेकर लगातार दिखाई गई गंभीरता और हस्तक्षेप के बाद हालात में बदलाव देखने को मिला।
शिवपुरी में मड़ीखेड़ा की जलापूर्ति को लेकर बीते समय में कई बार संकट की स्थिति बनी, जिस पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अधिकारियों से नियमित फीडबैक लिया और व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए। स्थानीय स्तर पर लोगों का मानना है कि उनके हस्तक्षेप से पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता मिली।
इसी दौरान सब इंजीनियर रंजीत खापरे ने भी फील्ड स्तर पर सक्रिय रहकर जलापूर्ति संबंधी समस्याओं के समाधान और व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शहर के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति बनाए रखने के प्रयासों में उनकी सक्रियता चर्चा का विषय रही।
अब शहरवासियों को उम्मीद है कि केंद्रीय मंत्री की निगरानी और प्रशासनिक बदलाव के बाद मड़ीखेड़ा परियोजना की कार्यप्रणाली में सुधार होगा और शिवपुरी को लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्याओं से राहत मिलेगी।







Be First to Comment