शिवपुरी। जिले की पिछोर तहसील के ग्राम करमई कला की निवासी धानिया पत्नी स्व. हद्दा आदिवासी ने कलेक्टर जनसुनवाई में गंभीर शिकायत दर्ज कराते हुए राजस्व विभाग पर भ्रष्टाचार और फर्जी नामांतरण का आरोप लगाया है। आवेदन के अनुसार, सर्वे नंबर 160, 161, 176, 178 और 621 की करीब 2.05 हेक्टेयर भूमि के नामांतरण के लिए संबंधित ग्राम पटवारी द्वारा कथित रूप से 10 हजार रुपये की मांग की गई।
शिकायतकर्ता का कहना है कि रुपये नहीं देने पर उसके नाम पर नामांतरण करने के बजाय जमीन का नामांतरण उसके मृत पति के भाई के नाम कर दिया गया। आवेदन में यह भी उल्लेख है कि उसके पति का निधन हो चुका है और वैध वारिस के रूप में वह तथा उसकी पुत्री ही हकदार हैं।
जानकारी के मुताबिक, बिना सक्षम आदेश और कथित रूप से फर्जी तरीके से नामांतरण किए जाने से उसे न्याय नहीं मिल पा रहा है। पीड़िता ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सही वारिसों के नाम भूमि दर्ज कराने की मांग की है।







Be First to Comment