शिवपुरी। जिले के मगरौनी क्षेत्र निवासी शहजाद शाह ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर अपनी पत्नी नजरा ना शाह की मृत्यु के मामले में निष्पक्ष जांच कराने और कथित रूप से संबंधित लोगों तथा पुलिस की भूमिका की जांच करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, शहजाद शाह का कहना है कि उनकी जमीन को लेकर कुछ लोगों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि 31 मई 2026 की सुबह संबंधित लोग उनके घर पहुंचे और विवाद करने लगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें पुलिस चौकी मगरौनी ले जाकर हिरासत में रखा गया और उनके साथ मारपीट की गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, इसी दौरान उनकी पत्नी के साथ भी कथित रूप से मारपीट हुई। बाद में वह उनकी रिहाई और शिकायत दर्ज कराने चौकी पहुंचीं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आवेदन में दावा किया गया है कि इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने पर उनकी मृत्यु हो गई।
शहजाद शाह ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की गई और वास्तविक तथ्यों को सामने लाने के बजाय अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर दिया गया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), उपलब्ध वीडियो फुटेज, स्थानीय लोगों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
आवेदन में उन्होंने अपनी पत्नी की मृत्यु के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार और नाबालिग बच्चों को न्याय दिलाने की अपील की है।







Be First to Comment