Press "Enter" to skip to content

छात्राओं की शिकायत के बाद बड़ी कार्रवाई, छात्रावास अधीक्षिका हटाई गईं; जांच में लापरवाही मिली / Shivpuri News

शिवपुरी। छात्रावास में अव्यवस्थाओं को लेकर छात्राओं द्वारा लगातार की गई शिकायतों के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अधीक्षिका प्रीति सूर्येश को उनके प्रभार से हटा दिया है। जांच रिपोर्ट में पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया।

जानकारी के अनुसार, छात्राओं ने 9 जून को जनसुनवाई में कलेक्टर से शिकायत की थी। इसके बाद 11 जून को भी वे कलेक्ट्रेट पहुंचीं और छात्रावास में भोजन में कीड़े मिलने, पेयजल की समस्या, शौचालयों की कमी, साफ-सफाई की खराब व्यवस्था तथा अधीक्षिका के व्यवहार को लेकर शिकायत दर्ज कराई। छात्राओं ने यह आरोप भी लगाया था कि शिकायत करने के बाद उन्हें धमकाया जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एक जांच दल का गठन किया, जिसने छात्रावास का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट के आधार पर अधीक्षिका प्रीति सूर्येश के कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर जिला संयोजक, जनजातीय कार्य विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से शासकीय अनुसूचित जाति कन्या पोस्ट मैट्रिक छात्रावास, शिवपुरी के अधीक्षकीय प्रभार से मुक्त कर दिया।

आदेश के अनुसार, प्रीति सूर्येश को शासकीय अनुसूचित जनजाति बालक आश्रम शाला, कोटा में शिक्षकीय कार्य के लिए पदस्थ किया गया है। वहीं, छात्रावास का नया प्रभार शासकीय अनुसूचित जाति कन्या सीनियर छात्रावास, फतेहपुर में पदस्थ प्राथमिक शिक्षिका अनीता तिग्गा को सौंपा गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!