Press "Enter" to skip to content

एमएम चौराहा से अस्पताल चौराहा तक चला अतिक्रमण और स्वच्छता अभियान, चालान काटे, सामान जब्त / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद शिवपुरी द्वारा मंगलवार को एमएम चौराहा से अस्पताल चौराहा तक विशेष अतिक्रमण हटाओ एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा एसडीएम एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी आनंद सिंह राजावत के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमणों को हटाया गया। नगर पालिका अमले ने उन दुकानदारों और ठेला संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की, जिन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर सामान रखकर यातायात में बाधा उत्पन्न कर रखी थी। अधिकारियों ने संबंधित लोगों को भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी भी दी।

स्वच्छता अभियान के तहत सड़क और नालियों में कचरा फेंकने, प्रतिष्ठानों पर डस्टबिन नहीं रखने तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथीन का उपयोग करने वालों पर चालानी कार्रवाई की गई। विभिन्न मामलों में 100 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक के चालान काटे गए। वहीं अतिक्रमण में प्रयुक्त सामग्री, गुमटियां और अन्य सामान जब्त कर नगर पालिका के कब्जे में लिया गया।

अभियान में यातायात प्रभारी रणवीर यादव, यातायात पुलिस, कोतवाली पुलिस एवं नगर पालिका का अमला मौजूद रहा। संयुक्त कार्रवाई के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखते हुए अतिक्रमण हटाने और स्वच्छता नियमों का पालन सुनिश्चित कराया गया।

एसडीएम एवं प्रभारी सीएमओ आनंद सिंह राजावत ने नागरिकों, व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर डस्टबिन रखें, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें तथा सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण से बचें। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही शिवपुरी को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श शहर बनाया जा सकता है।

नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण हटाओ और स्वच्छता अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!