Press "Enter" to skip to content

एसडीएम आनंद राजावत ने संभाला नगर पालिका का प्रभार, सड़क पर उतरकर चलाया स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान / Shivpuri News

शिवपुरी। नगर पालिका परिषद शिवपुरी को नया प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) मिल गया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अर्पित वर्मा के आदेश के बाद एसडीएम एवं जॉइंट कलेक्टर आनंद सिंह राजावत ने सोमवार शाम नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर प्रभारी सीएमओ का पदभार ग्रहण किया। इससे पहले सीएमओ इशांक धाकड़ का स्थानांतरण नगर निगम मुरैना में सहायक आयुक्त पद पर हो चुका है।

पदभार ग्रहण करने के बाद आनंद राजावत ने नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, राजस्व वसूली और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जाएं।

पदभार संभालने के कुछ ही घंटों बाद प्रभारी सीएमओ आनंद राजावत स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत नगर पालिका अमले के साथ सड़क पर उतर आए। एमएम चौराहा से अस्पताल चौराहा तक विशेष निरीक्षण और जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान दुकानदारों, व्यापारियों और ठेला संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों के सामने साफ-सफाई बनाए रखने, डस्टबिन रखने तथा कचरा सड़क या नालियों में न फेंकने की हिदायत दी गई।

अभियान के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने और नगर पालिका की कचरा गाड़ी में ही कचरा डालने की अपील भी की गई। वहीं मार्ग पर किए गए अस्थायी अतिक्रमणों का निरीक्षण करते हुए संबंधित लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा तक अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के फॉलोअप के तहत शाम करीब 7:30 बजे एमएम चौराहा से अस्पताल चौराहा तक पैदल मार्च भी निकाला गया। पैदल मार्च के माध्यम से नागरिकों और व्यापारियों को स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त वातावरण तथा अतिक्रमण मुक्त बाजार की आवश्यकता के प्रति जागरूक किया गया।

नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि 9 जून को सुबह 11 बजे पुनः फॉलोअप अभियान चलाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी सीएमओ आनंद सिंह राजावत ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!