शिवपुरी। जिले की खोड़ चौकी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 63 लीटर देशी प्लेन शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई शराब की कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी प्रशांत शर्मा के निर्देशन में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
खोड़ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कुसुम गोयल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी नीरज लोधी (25) पुत्र हरीकिशन लोधी निवासी ग्राम पिपारा मजरा किररुआ, थाना भौंती को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो प्लास्टिक कट्टों में रखे सात गत्ते के कार्टून बरामद किए गए। प्रत्येक कार्टून में 50-50 क्वार्टर देशी प्लेन शराब रखी थी। इस प्रकार कुल 350 क्वार्टर (63 लीटर) देशी शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 35 हजार रुपये है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 182/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।







Be First to Comment