Press "Enter" to skip to content

यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर लाखों की चोरी, सीसीटीवी कैमरे घुमाकर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के नरवर क्षेत्र के मोहानी ख्यावदा गांव में शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने यूट्यूब फेमस रचना गुर्जर के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 1 बजे परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर की बाउंड्री की जाली काटकर अंदर घुस आए। बदमाशों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों का रुख डंडे की मदद से ऊपर कर दिया, ताकि उनकी गतिविधियां कैमरों में कैद न हो सकें। इसके बाद उन्होंने रचना गुर्जर के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी और नीचे के कमरों में रखी अलमारियों व तालों को तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी पर हाथ साफ कर दिया।

पीड़िता रचना गुर्जर ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे जब वह पानी पीने के लिए उठीं तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। उन्होंने फोन कर परिवार के अन्य सदस्यों और अपने जेठ को बुलाया। दरवाजा खुलवाने के बाद जब नीचे जाकर देखा तो घर के कई ताले टूटे हुए थे और अलमारी से लाखों रुपये मूल्य के जेवरात एवं नगदी गायब थी।

घटना की सूचना मिलते ही मगरौनी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है तथा अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है।

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि नरवर थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है। कई घरों में चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और नाराजगी का माहौल है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरों के गिरोह का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!