शिवपुरी। जिले के खनियाधना थाना क्षेत्र में झपट्टामारी के दौरान मोटरसाइकिल से गिरकर महिला की मौत हो जाने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार 2 मई 2026 को राजपुर निवासी महेश कुमार लोधी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी मीना लोधी (43) अपने रिश्तेदार रामनिवास लोधी के साथ मोटरसाइकिल से हिरावल से राजपुर लौट रही थीं। रास्ते में अछौनी और कंजवाह नाले के बीच पिछोर-चंदेरी मार्ग पर एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उनकी चांदी की कमर पेटी झपट ली।
कमर पेटी खींचे जाने से मीना लोधी चलती मोटरसाइकिल से सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मामले में खनियाधना थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 153/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अरविंद यादव (19), शनि योगी (24), राहुल उर्फ छोटू झा (23), राजेश पाल (24) तथा दिनेश पाल (21) शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने दो मोटरसाइकिलों का उपयोग कर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में खनियाधना थाना पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया।







Be First to Comment