शिवपुरी। शिवपुरी को नशामुक्त बनाने की मुहिम के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को स्मैक की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 62.28 ग्राम स्मैक, तीन मोबाइल फोन और एक कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 22 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को 4 जून को सूचना मिली थी कि तीन युवक कार क्रमांक MP07 AH 6719 से गुना से शिवपुरी की ओर स्मैक लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फोरलेन कठमई तिराहे के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू की। कुछ समय बाद बताई गई कार दिखाई दी, जिसे रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार में सवार तीन युवकों के कब्जे से कुल 62.28 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी आयान उर्फ केशव, नाजिर खान और नीतेश योगी के कब्जे से क्रमशः 11.14 ग्राम, 18.32 ग्राम और 32.82 ग्राम स्मैक जब्त की गई।
पुलिस ने बताया कि बरामद स्मैक की कीमत करीब 15 लाख रुपये, कार की कीमत लगभग 7 लाख रुपये तथा तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती का मूल्य करीब 22 लाख रुपये है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों से स्मैक के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रोहित दुबे सहित कोतवाली थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







Be First to Comment