शिवपुरी। शिवपुरी-गुना फोरलेन पर पूरनखेड़ी के समीप गुरुवार रात एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार ट्रक शिवपुरी से बदरवास की ओर माल भरने जा रहा था। पूरनखेड़ी के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रक सीधे डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी स्थान पर दो दिन पहले भी एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। लगातार हो रहे हादसों को लेकर लोगों ने सड़क निर्माण कार्य और डायवर्जन व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि मौके पर पर्याप्त सूचना बोर्ड, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं।








Be First to Comment