शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग की ग्राम पंचायत गोरा टीला में बुधवार रात आयोजित रात्रि चौपाल ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का बड़ा मंच बनी। चौपाल में संभाग आयुक्त मनोज खत्री, कलेक्टर अर्पित वर्मा, एसडीएम अनूप श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
शाम करीब साढ़े पांच बजे अधिकारी गांव पहुंचे, जबकि संभाग आयुक्त और कलेक्टर शाम साढ़े छह बजे पहुंचे। चौपाल रात करीब साढ़े दस बजे तक चली, जिसमें ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
चौपाल के दौरान एक ग्रामीण ने 15 वर्षों से लंबित फौती नामांतरण का मामला उठाया। इस पर अधिकारियों ने संबंधित पटवारी को फटकार लगाते हुए तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने पेयजल संकट और खाद की उपलब्धता की समस्या भी बताई, जिस पर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने खाद विभाग के अधिकारियों को अगले तीन दिनों तक गांव में पहुंचकर किसानों को ऑनलाइन खाद बुकिंग की प्रक्रिया समझाने के निर्देश दिए। वहीं लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
एसडीएम अनूप श्रीवास्तव को अगले शनिवार और रविवार को दोबारा चौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान चौपाल में प्राप्त शिकायतों और उनके समाधान की प्रगति रिपोर्ट अगली चौपाल में प्रस्तुत की जाएगी।
चौपाल में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खाद्यान्न और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।








Be First to Comment