शिवपुरी शहर के वार्ड क्रमांक 18 स्थित वीर सावरकर कॉलोनी में शिव मंदिर के पास पतंजलि वाली गली के निकट बना खुला नाला स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। वार्डवासियों का आरोप है कि नाले पर नगर पालिका द्वारा अब तक जाली नहीं लगाई गई है, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार नाले में आसपास के लोग कचरा और मकानों का मलबा डाल देते हैं, जिसके कारण बरसात के दौरान नाला ब्लॉक हो जाता है। नाला जाम होने से बारिश का पानी आसपास के घरों में घुस जाता है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
रहवासियों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा लंबे समय से नाले की सफाई भी नहीं कराई गई है। क्षेत्र में छोटे बच्चे खेलते रहते हैं, ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं नाले में जमा कचरे के कारण आवारा कुत्तों का भी जमावड़ा लगा रहता है, जिससे क्षेत्र में गंदगी और बढ़ रही है।
वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि नाले की नियमित सफाई कराई जाए तथा सुरक्षा की दृष्टि से नाले पर जाली लगाने की व्यवस्था जल्द से जल्द की जाए, ताकि बरसात के मौसम में जलभराव और दुर्घटनाओं की आशंका को रोका जा सके।







Be First to Comment