शिवपुरी। जिले के सतनबाड़ा क्षेत्र की निवासी निशा बानो ने अपने पति अकरम शाह और सास रुकसाना बानो पर घरेलू प्रताड़ना, धमकाने और परिवार की उपेक्षा करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि शादी के बाद से उसे और उसके तीन बच्चों को लगातार परेशान किया जा रहा है तथा कई बार खाने-पीने तक के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
निशा बानो ने आरोप लगाया कि उसका पति एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को अपने साथ रखे हुए है और उससे शादी करने की तैयारी कर रहा है। इस बात का विरोध करने पर उसे जान से मारने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी जाती हैं। महिला का कहना है कि उसकी सास भी पति का साथ दे रही है।
पीड़िता ने बताया कि मार्च माह में नाबालिग लड़की के परिजन भी एसपी कार्यालय पहुंचकर अकरम शाह पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ रखने और शोषण करने के आरोप लगा चुके हैं। महिला का दावा है कि यदि उस समय कार्रवाई होती तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती। उसने देहात थाना पुलिस पर भी शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
गुरुवार को अकरम शाह अपनी शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा, जहां निशा बानो भी पहुंच गई। दोनों के बीच बहस शुरू हुई और मामला एसपी ऑफिस के बाहर सड़क तक पहुंच गया। इस दौरान महिला ने कुछ वीडियो भी प्रस्तुत किए, जिनमें उसने पति के एक लड़की के साथ होने का दावा किया।
वहीं अकरम शाह ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए वीडियो में खुद के होने से इनकार किया। उसका कहना है कि वह अपनी पत्नी की प्रताड़ना से परेशान होकर अलग रह रहा है और पूरे मामले का फैसला न्यायालय के माध्यम से होना चाहिए।







Be First to Comment