Press "Enter" to skip to content

दिव्यांग दुकानदार को मिली ई-व्हीकल, अब खुद लाएंगे दुकान का सामान, कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सौंपा ई-व्हीकल, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा एक और कदम / Shivpuri News

शिवपुरी। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने ग्राम अमोला निवासी दिव्यांग हितग्राही करू आदिवासी को आईआईटी मद्रास द्वारा जापानी तकनीक से विकसित ई-व्हीकल प्रदान किया।

करू आदिवासी गांव में एक छोटी दुकान संचालित करते हैं। दुकान के लिए आवश्यक सामान लाने-ले जाने में उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था और उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। इससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की समस्या बनी रहती थी।

ई-व्हीकल मिलने के बाद अब करू आदिवासी स्वयं बाजार जाकर दुकान के लिए आवश्यक सामग्री खरीद सकेंगे। इससे उनका व्यवसाय संचालन अधिक सुविधाजनक होगा और आत्मनिर्भरता भी बढ़ेगी।

यह पहल आयुक्त दिव्यांगजन डॉ. अजय खेमरिया के विशेष प्रयासों तथा मंगलम् शिवपुरी और सक्षम संस्था के सहयोग से संचालित की जा रही है। सीएसआर मद के अंतर्गत जिले के 28 दिव्यांगजनों को अब तक ई-व्हीकल उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा कि शासन का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। वहीं करू आदिवासी ने ई-व्हीकल मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!