Press "Enter" to skip to content

300 सीसीटीवी कैमरों की जांच से खुला 10 लाख की चोरी का राज, पारदी गिरोह समेत 7 आरोपी गिरफ्तार, 4 लाख रुपये और वारदात में प्रयुक्त बोलेरो कार बरामद / Shivpuri News

शिवपुरी। बदरवास थाना क्षेत्र में सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य के घर हुई 10 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। बदरवास, रन्नौद और इंदार पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पारदी गिरोह सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त बोलेरो कार भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 को बदरवास निवासी महेन्द्र कुमार गुप्ता (58 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर सोने-चांदी के पुराने जेवरात और करीब 10 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए हैं। मामले में अपराध क्रमांक 195/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना बदरवास, रन्नौद और इंदार की संयुक्त टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटना स्थल से लेकर बदरवास कस्बे, नेशनल हाईवे और गुना शहर तक के करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बोलेरो कार की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने बोलेरो चालक पुरुषोत्तम गुर्जर निवासी खेजरा अटारी, जिला अशोकनगर को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में पुरुषोत्तम गुर्जर ने चोरी की वारदात में शामिल पारदी गिरोह के सदस्यों गुज्जर पारदी और मंगतराम पारदी के नाम बताए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि स्थानीय स्तर पर कुछ लोगों ने पारदी गिरोह को बदरवास बुलाकर करीब डेढ़ माह तक प्राचार्य के मकान की रेकी कराई थी।

पुलिस ने मामले में मनोज परिहार, शिवजीत यादव, शिवकुमार यादव और धीरज परिहार को भी गिरफ्तार किया है। इन पर चोरी की साजिश रचने, रेकी कराने और गिरोह को सहयोग देने का आरोप है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अब तक 4 लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त बोलेरो वाहन बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पूछताछ के दौरान आरोपी गुज्जर पारदी और पुरुषोत्तम गुर्जर ने शिवपुरी के सिंहनिवास क्षेत्र में हुई एक अन्य चोरी की वारदात में शामिल होना भी स्वीकार किया है। यह मामला थाना कोतवाली में दर्ज है। पुलिस अन्य वारदातों के संबंध में भी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

उक्त कार्यवाही में इन्चार्ज थाना प्रभारी बदरवास उप निरीक्षक शिखा तिवारी, उनि अरविन्द चौहान थाना प्रभारी रन्नोद, उनि विवेक यादव थाना प्रभारी इन्दार, सउनि 0 गोपाल बाबू, सउनि 0 राकेश शिवहरे, सउनि रघुवीर सिंह मखेनिया, प्रआर जगेश सिकवार, आर. अवदेश शर्मा (थाना सुभाषपुरा), आर. अनित बुनकर, आर. संदीप राठौर आर. भंगू भिलाला ( थाना इन्दार), आर महेश पटेलिया ( थाना रन्नोद), आर. राहुल परिहार ( थाना तेन्दुआ) आर. अनिल सिकवार, आर. सदन भिलाला, आर. रिंकू माहौर, आर. राजकुमार भिलाला आर0 चालक दीनू रघुवंशी, सैनिक वेद प्रकाश की विशेष भूमिका रही।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!