Press "Enter" to skip to content

करवला पुलिया पर 106 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, 28 लाख से अधिक का माल जब्त / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत थाना फिजीकल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करवला पुलिया के पास एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 106 ग्राम स्मैक, 52 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल सहित कुल 28 लाख 2 हजार रुपये का माल जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना फिजीकल प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ ने टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति करवला पुलिया के पास स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रामनिवास उर्फ करुआ रावत (35 वर्ष) निवासी ग्राम पाटई, थाना आरोन, जिला ग्वालियर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 106 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 26 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा 52 हजार रुपये नकद, नथिंग कंपनी का मोबाइल फोन और एक हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 127/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से स्मैक के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जो न्यायालय में विचाराधीन है।

फिजीकल थाना पुलिस ने बताया कि शहर को नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और बाहरी जिलों व राज्यों से आकर नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कृपाल सिंह राठौड़, उपनिरीक्षक रामेन्द्र सिंह चौहान, सहायक उपनिरीक्षक बजरंग सिंह जादौन, प्रधान आरक्षक अंजीत तिवारी, विजय सेंगर, सुशील जाट सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!