शिवपुरी। जनपद पंचायत पिछोर क्षेत्र के ग्राम उमरीकलां (मन्दिरपुरा) के पूर्व सरपंच ने सामुदायिक भवन निर्माण कार्य की बकाया राशि दिलाने की मांग को लेकर जिला प्रशासन को आवेदन सौंपा है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बावजूद उन्हें 1 लाख 47 हजार रुपये की राशि का भुगतान नहीं किया गया।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2020 में सरपंच कार्यकाल के दौरान ग्राम में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ था। पूर्व सरपंच का कहना है कि निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा करा दिया गया था, लेकिन पूरी राशि प्राप्त नहीं हुई। उनका दावा है कि उन्हें लगभग डेढ़ लाख रुपये का भुगतान मिला, जबकि 1 लाख 47 हजार रुपये की राशि अब भी बकाया है।
पूर्व सरपंच ने आवेदन में उल्लेख किया है कि कार्यकाल समाप्त होने के बाद कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क किया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान सरपंच और सचिव से जानकारी मांगने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
आवेदन में जिला प्रशासन से मामले की जांच कर बकाया राशि का भुगतान कराने की मांग की गई है। पूर्व सरपंच का कहना है कि निर्माण कार्य में उन्होंने स्वयं राशि खर्च की थी, इसलिए उन्हें उनकी बकाया रकम दिलाई जाए।







Be First to Comment