Press "Enter" to skip to content

खेल मैदान की मांग को लेकर ग्राम पिपारा के युवाओं ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन / Shivpuri News

शिवपुरी। जनपद पंचायत पिछोर की ग्राम पंचायत पिपारा के युवाओं, छात्रों एवं ग्रामीणों ने गांव में खेल मैदान निर्माण की मांग को लेकर कलेक्टर शिवपुरी को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि हजारों की आबादी वाले गांव में आज तक कोई शासकीय खेल मैदान विकसित नहीं किया गया है, जिससे युवाओं और खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया गया है कि ग्राम पंचायत पिपारा की जनसंख्या लगभग 5 हजार से 8 हजार के बीच है। गांव के कई युवा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और टूर्नामेंटों में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन खेल मैदान के अभाव में उन्हें अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए दूसरे गांवों का रुख करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने कहा कि खेल मैदान नहीं होने से खिलाड़ियों को समय, धन और अन्य संसाधनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं छात्रों और युवाओं के शारीरिक विकास, खेलकूद गतिविधियों तथा खेल प्रतिभाओं को निखारने में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस समस्या से शासन-प्रशासन को पूर्व में कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जबकि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विस्तार और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही है।

ग्रामीणों और खिलाड़ियों ने मांग की है कि ग्राम पंचायत पिपारा में शीघ्र खेल मैदान के लिए भूमि चिन्हित कर निर्माण कार्य स्वीकृत कराया जाए, ताकि गांव के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें और उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्राप्त हो सके।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!