शिवपुरी। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को स्मैक बेचते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 11.53 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। 31 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति रेलवे स्टेशन शिवपुरी के पास स्मैक बेचने की नीयत से खड़ा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम विजय जाटव (30 वर्ष) निवासी हनुमान मंदिर के पास, पछावली, शिवपुरी बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक पारदर्शी पन्नी में रखी 11.53 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब स्मैक के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।









Be First to Comment