Press "Enter" to skip to content

शराब के लिए रुपए नहीं देने पर युवक से मारपीट, ग्रामीणों ने एसपी से लगाई कार्रवाई की गुहार / Shivpuri News

शिवपुरी जिले के सेवढ़ा गांव के ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया को आवेदन देकर गांव में मारपीट और धमकी की घटनाओं को लेकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों द्वारा लगातार विवाद और डर का माहौल बनाया जा रहा है।

ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार 26 मई 2026 को गांव निवासी आकाश पाल अपने खेत पर गया था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के इंदल, सोलन और बाला पादरी ने उसे रोककर शराब पीने के लिए रुपए मांगे। जब आकाश ने रुपए देने से मना किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी।

आवेदन में बताया गया है कि घटना के बाद आकाश अपने पिता के साथ सुभाषपुरा थाना पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि अगले दिन कुछ महिलाएं आकाश के घर पहुंचीं और कार्रवाई आगे बढ़ाने पर गांव को “श्मशान बना देने” की धमकी दी।

ग्रामीणों ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया कि गांव में पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन संबंधित लोगों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी कारण गांव के लोगों ने सामूहिक रूप से एसपी कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो गांव में बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!