शिवपुरी जिले की रन्नौद थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति को गुमराह कर पुश्तैनी कृषि भूमि की रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। महिला ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर दोनों रजिस्ट्रियां निरस्त कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम रन्नौद निवासी श्रीमती मंजू पत्नी छोटे लाल कुशवाह ने पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया को दिए आवेदन में बताया कि उनके पति छोटे लाल कुशवाह के नाम ग्राम रन्नौद में पुश्तैनी कृषि भूमि है। महिला का आरोप है कि गांव के ही आरोपी दीपा कुशवाह, पवन कुशवाह, विष्णु, भरत और जगदीश कुशवाह ने उनके पति को नशा कराकर और बैंक ऋण दिलाने का लालच देकर अवैधानिक तरीके से जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करा ली।
शिकायत में बताया गया है कि छोटे लाल कुशवाह मानसिक रूप से अस्वस्थ रहते हैं और नशे की लत से पीड़ित हैं। आरोप है कि इसी कमजोरी का फायदा उठाकर आरोपियों ने अलग-अलग तारीखों में कृषि भूमि की दो रजिस्ट्रियां करवा लीं। महिला का कहना है कि जमीन के बदले उनके पति को केवल 2 लाख 5 हजार रुपए मोबाइल फोन के माध्यम से भुगतान किए गए।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करते हुए दोनों रजिस्ट्रियों को शून्य घोषित कराया जाए।









Be First to Comment