शिवपुरी में बुधवार को ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने राष्ट्रव्यापी सांकेतिक हड़ताल की। जिलेभर के मेडिकल संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर ऑनलाइन दवा बिक्री और अनियंत्रित ई-फार्मेसी के विरोध में प्रदर्शन किया।
जिला केमिस्ट एसोसिएशन शिवपुरी द्वारा स्थानीय प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों द्वारा अवैध और अनियमित तरीके से दवाओं की बिक्री की जा रही है, जिससे मरीजों की सुरक्षा और छोटे मेडिकल व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं।
एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि बिना वैध और सत्यापित चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की बिक्री और होम डिलीवरी की जा रही है। साथ ही ऑनलाइन दवा कंपनियों द्वारा भारी छूट (डीप डिस्काउंटिंग) देकर छोटे और लाइसेंसधारी मेडिकल स्टोर संचालकों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
ज्ञापन में केंद्र सरकार से GSR 817(E) और GSR 220(E) को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की गई। एसोसिएशन का कहना है कि इन नियमों का दुरुपयोग कर विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और क्विक कॉमर्स कंपनियां अनियंत्रित तरीके से दवाओं की डिलीवरी कर रही हैं।
केमिस्ट एसोसिएशन ने कहा कि दवाएं सामान्य उपभोक्ता वस्तु नहीं हैं और बिना उचित निगरानी के ऑनलाइन बिक्री जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। संगठन ने सरकार से मरीजों की सुरक्षा, जनस्वास्थ्य और छोटे व्यापारियों के हित में प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।




Be First to Comment