शिवपुरी। शहर के चर्चित अपहरण और मारपीट मामले में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 5-5 हजार रुपए के दो फरार इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उन्हें मुख्य आरोपी पुष्पेन्द्र चौहान और नमन तिवारी ने 10-10 हजार रुपए देकर अपहरण की वारदात के लिए करैरा से शिवपुरी बुलाया था।
जानकारी के अनुसार 8 मई 2026 को एसपीएस स्कूल के सामने रहने वाली नीलम गुहारिया ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी बेटी पिछले तीन साल से पुष्पेन्द्र चौहान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में इंदौर में रह रही थी। दोनों की तीन माह की बच्ची भी है। महिला का आरोप था कि 8 मई की रात पुष्पेन्द्र चौहान अपने 8-10 साथियों के साथ कार से घर पहुंचा और बेटी व नातिन को जबरन उठाकर ले गया। विरोध करने पर फरियादिया और उसके पति के साथ हॉकी व डंडों से मारपीट की गई।
मामले में पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी पुष्पेन्द्र चौहान सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब पुलिस ने फरार चल रहे 5-5 हजार रुपए के इनामी आरोपी कृष्णपाल उर्फ कृष्णा ठाकुर निवासी लालपुर थाना करैरा और शिवम बैस निवासी लालपुर थाना करैरा को झांसी-कोटा मार्ग से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी कृष्णपाल के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की पल्सर बाइक और डंडा भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं। कृष्णपाल पर आर्म्स एक्ट और लूट सहित कई मामले दर्ज हैं, जबकि शिवम पर आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।







Be First to Comment