Press "Enter" to skip to content

लिव-इन पार्टनर और 3 माह की बच्ची के कथित अपहरण मामले में 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में युवती और उसकी तीन माह की बच्ची को जबरन ले जाने के मामले में पुलिस ने एक और इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज के पास से पकड़कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार 8 मई 2026 को एसपीएस स्कूल के सामने निवासी 42 वर्षीय नीलम पत्नी तृप्तेश गुहारिया ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी बेटी पिछले तीन वर्षों से पुष्पेंद्र चौहान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में इंदौर में रह रही थी। दोनों की तीन माह की बच्ची भी है।

परिजनों के अनुसार अक्टूबर 2025 से युवती, पुष्पेंद्र चौहान द्वारा परेशान किए जाने के कारण शिवपुरी में आकर रहने लगी थी। आरोप है कि 8 मई की रात करीब 8:30 बजे पुष्पेंद्र चौहान अपने 8-10 साथियों के साथ कार से घर पहुंचा और युवती व बच्ची को जबरन अपने साथ ले गया। विरोध करने पर फरियादिया और उसके पति के साथ हॉकी एवं डंडों से मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं।

मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं सहित एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान बीएनएस की अन्य धाराओं और आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं।

पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली टीआई रोहित दुबे ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं। तकनीकी सहायता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहले मुख्य आरोपी 10 हजार रुपये के इनामी पुष्पेंद्र चौहान को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसके दो साथी टिंकल सोलंकी और राजा कुशवाह को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

इसी क्रम में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी आकाश उर्फ विशाल शर्मा निवासी करैरा को 12 मई 2026 को मेडिकल कॉलेज शिवपुरी के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!