करैरा। नरवर जनपद की ग्राम पंचायत सागोली अंतर्गत ग्राम दौलतगंज बांग्ला में सड़क पर किए गए अवैध अतिक्रमण को प्रशासन ने हटवा दिया। लंबे समय से सड़क पर कब्जा होने के कारण ग्रामीणों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों की शिकायत पर नरवर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी राजस्व विभाग की टीम और नरवर थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने पहले अतिक्रमणकारियों को समझाइश दी, लेकिन नहीं मानने पर प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से सड़क पर रखे भूसे के कूप और अन्य सामग्री हटाकर मार्ग को साफ कराया।
ग्रामीणों के अनुसार यह रास्ता पिछले 40-50 वर्षों से गांव का मुख्य मार्ग है। हाल ही में गांव में आई दो बारातों को भी सड़क बंद होने के कारण परेशानी उठानी पड़ी थी और दूल्हों को पैदल गांव तक पहुंचना पड़ा।
तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में दोबारा सड़क पर कब्जा करने का प्रयास किया गया तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







Be First to Comment