शिवपुरी। कोतवाली थाना पुलिस ने लिव-इन पार्टनर और तीन माह की बच्ची के अपहरण मामले में 5-5 हजार रुपये के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र चौहान के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल और जिंदा राउंड भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 8 मई 2026 को एसपीएस स्कूल के सामने निवासी नीलम गुहारिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी पिछले तीन वर्षों से पुष्पेंद्र चौहान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में इंदौर में रह रही थी। अक्टूबर 2025 से परेशान होकर वह शिवपुरी आकर रहने लगी थी। महिला की तीन माह की बच्ची भी है।
आरोप है कि 8 मई की रात करीब 8:30 बजे पुष्पेंद्र चौहान अपने 8-10 साथियों के साथ कार से आया और युवती व बच्ची को जबरन घर से ले गया। विरोध करने पर फरियादिया और उसके पति के साथ हॉकी व डंडों से मारपीट की गई। मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं सहित एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर गठित टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र चौहान को पडोरा पुल क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पूछताछ में आरोपी से घटना में प्रयुक्त अवैध 32 बोर देशी पिस्टल और जिंदा राउंड जब्त किए गए।
विवेचना के दौरान मामले में टिंकल सोलंकी निवासी अमोला और राजा कुशवाह निवासी करैरा की संलिप्तता सामने आने पर दोनों आरोपियों को भी पोलो ग्राउंड क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में फायरिंग और अवैध हथियार रखने की धाराएं भी बढ़ाई हैं।







Be First to Comment