शिवपुरी। जिले के गोवर्धन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुरिछा निवासी आकाश जाटव ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर हत्या के एक मामले में आरोपियों द्वारा राजीनामे का दबाव बनाने और मारपीट करने का आरोप लगाया है।
आवेदन के अनुसार, आकाश जाटव के भाई पंकज गहलोत की हत्या 26 अक्टूबर 2024 को हुई थी, जिसका मामला गोवर्धन थाने में दर्ज होकर न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि 10 मई 2026 को मामले के आरोपी और उनके सहयोगी उनके घर पहुंचे तथा कोर्ट में चल रहे प्रकरण में राजीनामा करने का दबाव बनाने लगे।
आवेदन में कहा गया है कि विरोध करने पर आरोपियों ने कुल्हाड़ी, डंडा और लोहे की सरिया से हमला कर परिवार के लोगों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना में विकास जाटव, श्रीलाल जाटव और महिला कलावती सहित अन्य लोगों के घायल होने का उल्लेख किया गया है।
पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि गोवर्धन थाने में दर्ज एफआईआर में सभी आरोपियों के नाम शामिल नहीं किए गए हैं। वहीं आरोपी पक्ष द्वारा झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने की बात भी आवेदन में कही गई है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, सभी आरोपियों के नाम एफआईआर में जोड़ने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।







Be First to Comment