शिवपुरी जिले की पोहरी तहसील अंतर्गत ग्राम झिरी स्थित मेन रोड पर एक गरीब फरियादी की निजी भूमि को प्रशासन ने दबंगों के कब्जे से मुक्त करा दिया। यह कार्रवाई एसडीएम अनुपम शर्मा के निर्देश पर तहसीलदार लज्जा राम द्वारा राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचकर की गई।
जानकारी के अनुसार, फरियादी की निजी भूमि पर कुछ दबंगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया था। शिकायत मिलने के बाद तहसीलदार लज्जा राम ने पटवारी एवं आरआई की मौजूदगी में मौके का निरीक्षण किया। जांच में अतिक्रमण पाए जाने पर प्रशासनिक टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जा हटवाया और भूमि को कब्जामुक्त कराया।
कार्रवाई के बाद फरियादी को राहत मिली, वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन की तत्परता की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि गरीब व्यक्ति को न्याय मिलने से लोगों का प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हुआ है।
एसडीएम अनुपम शर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को लेकर तहसीलदार लज्जा राम ने कहा कि राजस्व विभाग आमजन की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है। यदि किसी गरीब या जरूरतमंद व्यक्ति की भूमि पर अवैध कब्जा किया जाता है तो प्रशासन तत्काल कार्रवाई करेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी अथवा निजी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







Be First to Comment