Press "Enter" to skip to content

चिंताहरण हनुमान मंदिर में चोरी, भगवान के चांदी के गहने ले उड़े चोर, रन्नौद में आस्था पर प्रहार, मंदिर का ताला तोड़कर वारदात / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के रन्नौद नगर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब भगवान के दरबार भी सुरक्षित नहीं रहे। नगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित प्रसिद्ध चिंताहरण हनुमान मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर हनुमान जी की प्रतिमा से चांदी के कीमती गहने चोरी कर लिए। घटना के बाद क्षेत्र में श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, मंदिर के पुजारी कमलेश भट्ट रोज की तरह सुबह करीब 9 बजे पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। वहां पहुंचते ही उन्होंने देखा कि मंदिर के मुख्य द्वार का ताला टूटा पड़ा है। अंदर जाकर देखा तो हनुमान जी की प्रतिमा से चांदी के आभूषण गायब थे।

चोर मंदिर से चांदी का विशाल मुकुट, चांदी का हार, कानों के कुंडल और चांदी का छत्र चोरी कर ले गए। बताया जा रहा है कि चोरी गए गहनों का कुल वजन करीब आधा किलो है।

पुजारी कमलेश भट्ट ने बताया कि सुबह मंदिर पहुंचने पर ताला टूटा मिला और हनुमान जी के सभी चांदी के आभूषण गायब थे। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही रन्नौद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पुजारी की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों की आस्था और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो रही हैं।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!