शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र से मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। ग्राम लक्ष्मीपुरा निवासी भागीरथ बघेल ने पुलिस थाना बैराड़ में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों ने उन पर और उनके परिवार पर जानलेवा हमला किया, साथ ही बाद में घर पहुंचकर धमकी भी दी।
पीड़ित भागीरथ बघेल के मुताबिक 2 मई की सुबह करीब 10 बजे उनके बड़े भाई नरेश बघेल अपने खेत पर कोर्ट के कागज रखे हुए थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी, डंडे और फरसे से हमला कर दिया।
हमले में भागीरथ बघेल के चाचा दयाली बघेल गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने उनकी दो मोटरसाइकिलों में भी तोड़फोड़ की।
घटना के बाद बैराड़ थाने में एफआईआर दर्ज की गई और घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। घायल दयाली बघेल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया।
पीड़ित का आरोप है कि घटना में शामिल तीन लोगों के नाम एफआईआर में नहीं जोड़े गए। साथ ही आरोपियों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
भागीरथ बघेल ने यह भी आरोप लगाया कि 3 मई को आरोपी दोबारा उनके घर पहुंचे और रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी राजनीतिक प्रभाव वाले और दबंग प्रवृत्ति के हैं, जिससे परिवार में डर का माहौल बना हुआ है।
अब पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, एफआईआर में नाम बढ़ाने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।







Be First to Comment