पोहरी। शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरईपुरा में गुरुवार दोपहर एक विधवा महिला की टपरिया में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी टपरिया जलकर राख हो गई। घटना में गृहस्थी का पूरा सामान नष्ट हो गया, जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार कमला बंजारा पत्नी स्वर्गीय आपू बंजारा अपने छोटे पुत्र बल्लू बंजारा के साथ गांव में टपरिया बनाकर रहती हैं। घटना के समय कमला बंजारा अपने पुत्र के साथ श्योपुर गई हुई थीं और टपरिया पर कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान दोपहर करीब 3:30 बजे अचानक आग लग गई।
सूचना मिलने पर कमला बंजारा का पुत्र गूजर बंजारा मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक ग्रामीण काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा चुके थे। हालांकि आग की लपटों ने पूरी टपरिया को अपनी चपेट में ले लिया था।
आगजनी की घटना में कपड़े, चारपाई, पलंग, प्लास्टिक का पंखा, कट्टियां सहित गृहस्थी और शादी-विवाह के लिए रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार के अनुसार घटना में करीब एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना थाना पोहरी में दी गई, जिस पर थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चौहान के निर्देशन में प्रधान सिपाही हृदेश कुमार पराशर द्वारा रोजनामचा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि आग तेजी से फैल रही थी और आसपास की टपरियों तक पहुंचने का खतरा बन गया था। समय रहते ग्रामीणों ने बाल्टियों और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाकर बड़ा हादसा टाल दिया।
इस घटना ने पहले से आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित विधवा महिला को तत्काल आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।








Be First to Comment