शिवपुरी। विश्व एथलेटिक्स दिवस के अवसर पर श्रीमंत माधवराव सिंधिया जिला खेल स्टेडियम के अंतरराष्ट्रीय ट्रैक पर भव्य खेल आयोजन किया गया। जिला खेल अधिकारी डॉ. के.के. खरे के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आयोजन में एथलेटिक्स, जूडो, मलखंब, शूटिंग, फुटबॉल, बैडमिंटन और हॉकी सहित कई खेल विधाओं के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान प्रशिक्षक पवन, मृदुल, शिशुपाल, श्रीप्रकाश, शालेन्द्र, भरत, रामपाल, सुजीत, आकाश और अर्पित ने खिलाड़ियों को आधुनिक खेल उपकरणों के उपयोग तथा विश्व स्तर पर एथलेटिक्स के बढ़ते प्रभाव की जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने युवाओं को भविष्य की खेल चुनौतियों के लिए तैयार रहने और तकनीकी रूप से मजबूत बनने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं के बाद आयोजित सम्मान समारोह में खिलाड़ियों के अभिभावक राकेश धाकड़, सिकरवार सहित अन्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर अभिभावकों ने खुशी जताते हुए जिला प्रशासन और खेल विभाग के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने खेल भावना को बनाए रखने और निरंतर मेहनत के साथ जिले का नाम रोशन करने का संकल्प लिया। अभिभावकों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं एवं आधुनिक तकनीकों को समझने का अवसर मिलता है।








Be First to Comment