शिवपुरी। जनगणना कार्य में संलग्न शिक्षक एवं प्रगणक स्वर्गीय दिनेश नरवरिया की सड़क दुर्घटना में हुई दुखद मृत्यु के बाद जिला प्रशासन ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उनके परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर मृतक शिक्षक के परिवार को 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
जानकारी के अनुसार जिले में जनगणना 2027 का कार्य चल रहा है, जिसके तहत शिक्षक घर-घर जाकर प्रगणक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसी दौरान शिक्षक दिनेश नरवरिया जनगणना ड्यूटी पर जा रहे थे। सतनवाड़ा के समीप हाईवे पर एक वाहन की टक्कर से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सतनवाड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां सिर में गंभीर चोट होने के कारण तत्काल मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद जिला प्रशासन की एंबुलेंस से उन्हें ग्वालियर मेडिकल कॉलेज ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, लेकिन उपचार के दौरान रात में उनका निधन हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जिला शिक्षा अधिकारी से पूरे मामले की जानकारी लेकर मृतक शिक्षक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा 50 हजार रुपये की सहायता राशि परिवार को सौंप दी गई है।
शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे एडीएम
कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन में अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला दिवंगत शिक्षक के निवास पहुंचे। उन्होंने दिवंगत शिक्षक के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। साथ ही मृतक शिक्षक के पुत्र को 50 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। जिला प्रशासन ने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है।









Be First to Comment