शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक किराना व्यापारी के गोदाम से घी और तेल चोरी का मामला सामने आया है। खास बात यह रही कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला दुकान का ही कर्मचारी निकला। पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, वर्मा कॉलोनी निवासी किराना व्यापारी हेमंत गुप्ता ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह किसी काम से घर गए हुए थे। वापस लौटने पर उन्होंने अपने गोदाम के सामने एक कार खड़ी देखी, जिसमें दुकान पर काम करने वाला युवक कुनाल रजक सामान रख रहा था। पूछताछ करने पर उसने सामान ग्राहक का होना बताया, लेकिन व्यापारी को उस पर संदेह हो गया।
इसके बाद व्यापारी ने अपने बेटे एडवोकेट शुभम गुप्ता को बुलाकर गोदाम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में कुनाल रजक की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दीं। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करने की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि दोपहर में भी कार के जरिए घी और तेल की कट्टियां ले जाई गई थीं।
मामला सामने आने के बाद व्यापारी और आसपास के लोगों ने कुनाल रजक एवं उसके साथी राजेंद्र पाल को पकड़ लिया, जबकि उनका एक अन्य साथी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
जांच के दौरान गोदाम से गगन डालडा की 12 कट्टियां, कृति तेल के 8 कार्टन और गोवर्धन घी की पेटियां गायब मिलीं। चोरी गए सामान की कुल कीमत 68 हजार 380 रुपए बताई गई है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।







Be First to Comment