शिवपुरी। किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को कांग्रेस ने शिवपुरी जिले के पड़ोरा चौराहे पर चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और महिला पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान “किसानों के सम्मान में, कांग्रेस मैदान में” जैसे नारों के साथ सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया। चक्का जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि किसानों की समस्याओं और मांगों को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है तथा मांगें पूरी नहीं होने तक संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन के चलते यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही और कई वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे।
इसी बीच भाजपा ने कांग्रेस के आंदोलन पर पलटवार करते हुए उसे भ्रम फैलाने की राजनीति बताया। मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता धैर्यवर्धन ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक करीब 50 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है और 10 लाख से अधिक किसानों को लगभग 8 हजार करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। साथ ही किसानों की सुविधा को देखते हुए गेहूं खरीदी पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 23 मई कर दी गई है।
धैर्यवर्धन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस गेहूं खरीदी को लेकर भ्रम फैलाकर प्रदेश में अराजकता का माहौल बनाना चाहती है, जबकि किसान कांग्रेस की राजनीति को भलीभांति समझता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों के संरक्षण और खरीदी प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।
उधर, चक्का जाम में फंसे वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिल्ली से मुंबई की ओर तेल का टैंकर लेकर जा रहे चालक नफीस खान ने बताया कि वह सुबह करीब 11 बजे पड़ोरा पहुंचे थे, लेकिन जाम के कारण घंटों तक वहीं फंसे रहे। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक रास्ता बंद रहने के कारण उन्हें सड़क किनारे ही खाना बनाना पड़ा। नफीस खान ने कहा कि ऐसे आंदोलनों से सबसे अधिक परेशानी आम लोगों और वाहन चालकों को होती है।
स्थिति को देखते हुए शिवपुरी यातायात प्रभारी रणवीर यादव मौके पर पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जाम समाप्त करने का आग्रह किया। रणवीर यादव ने कहा कि बसों में महिलाएं, बच्चे और बीमार लोग भीषण गर्मी में फंसे हुए हैं और लंबे समय से यातायात बाधित होने से उनकी परेशानी लगातार बढ़ रही है।
यातायात प्रभारी के आग्रह के बाद कांग्रेस नेताओं ने तय समय से एक घंटे पहले ही चक्का जाम समाप्त करने का निर्णय लिया। बताया गया कि प्रदर्शन शाम 3 बजे तक प्रस्तावित था, लेकिन लोगों की परेशानी को देखते हुए दोपहर 2 बजे ही रास्ता खोल दिया गया। जाम खुलते ही हाईवे पर फंसे वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई और यात्रियों ने राहत की सांस ली। इस दौरान पुलिस और यातायात अमले ने मोर्चा संभालते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया।








Be First to Comment