शिवपुरी। जिला कांग्रेस कमेटी शिवपुरी द्वारा किसानों की 12 प्रमुख मांगों को लेकर 7 मई 2026, गुरुवार को आंदोलन आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहित अग्रवाल द्वारा जारी प्रेस नोट में दी गई है।
प्रेस नोट के अनुसार, प्रदेश में गेहूं खरीदी व्यवस्था में अव्यवस्था, स्लॉट बुकिंग में अनियमितताएं तथा सरकारी खरीदी के बाद शेष किसानों को भावान्तर राशि नहीं मिलने जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। कांग्रेस ने सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी सुनिश्चित करने और प्रत्येक जिले में कलेक्टर स्तर से इसके आदेश जारी करने की मांग की है।
इसके अलावा टोकन प्रणाली में खाद वितरण की सीमा, बिजली बिल में हॉर्स पावर बढ़ाकर सब्सिडी समाप्त करने, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की सीमा घटाने और बैंकों द्वारा किसानों पर भुगतान का दबाव बनाने जैसे मुद्दों को भी उठाया गया है। कांग्रेस ने KCC की सीमा बढ़ाने, सोलर सब्सिडी में वृद्धि, छोटे किसानों को मुफ्त सोलर, कर्ज माफी, बीज उपलब्धता सुनिश्चित करने जैसी मांगें भी रखी हैं।
प्रेस नोट में कृषि से जुड़े कानूनों को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई है, जिसमें कृषक उपज व्यापार एवं वाणिज्य कानून 2020 तथा आवश्यक वस्तु संशोधन कानून 2020 के प्रभावों को किसानों के लिए नुकसानदायक बताया गया है।
कांग्रेस का कहना है कि पार्टी हमेशा किसानों के साथ खड़ी रही है और उनके हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। इसी क्रम में 7 मई को पड़ोरा चौराहा ए.बी. रोड पर सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक आने-जाने वाले वाहनों को रोककर किसानों की मांगों के समर्थन में लोगों से समर्थन लिया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी ने किसानों एवं आम नागरिकों से आंदोलन में शामिल होकर समर्थन देने की अपील की है।







Be First to Comment