शिवपुरी। जिले की नरवर तहसील के ग्राम डिगवास में आदिवासी बस्ती के बीच संचालित शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। बस्तीवासियों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर दुकान को तत्काल हटाने और कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव की आदिवासी बस्ती में सोनू खटीक के मकान में शराब की दुकान संचालित की जा रही है। बस्ती में अधिकतर गरीब और मजदूर वर्ग के लोग निवास करते हैं, ऐसे में शराब की दुकान खुलने से सामाजिक और पारिवारिक समस्याएं तेजी से बढ़ी हैं।
आवेदन में बताया गया है कि शराब की उपलब्धता के कारण बस्ती के युवाओं और मजदूर वर्ग में नशे की लत बढ़ रही है। इसका सीधा असर उनके स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन पर पड़ रहा है। वहीं, शराब के नशे में आए दिन झगड़े, गाली-गलौज और असामाजिक गतिविधियां हो रही हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि शराब दुकान के कारण क्षेत्र में चोरी, मारपीट और अन्य आपराधिक घटनाओं में भी बढ़ोतरी हुई है। इससे पूरे इलाके का माहौल खराब हो रहा है।
ग्राम डिगवास के बस्तीवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि आदिवासी बस्ती के बीच संचालित शराब दुकान को तत्काल हटाया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल हो सके।







Be First to Comment