शिवपुरी। जिले में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक की पत्नी ने कलेक्टर को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उसके पति की हत्या की गई है और नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। साथ ही उसने अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सुभाषपुरा में अपराध क्रमांक 0026/2026 दर्ज है। मृतक गुलशन जाटव (उम्र 28 वर्ष) निवासी ग्राम बरौदा की 9 फरवरी 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी प्रियंका जाटव ने आरोप लगाया है कि उसके पति को पहले से ही कुछ लोगों द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था।
आवेदन में बताया गया है कि 9 फरवरी को आरोपी गुलशन जाटव को घर से यह कहकर बुलाकर ले गए कि गांव में शादी समारोह है। इसके बाद रात में सूचना मिली कि उसके पति के साथ मारपीट की गई है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो गुलशन की मौत हो चुकी थी।
पीड़िता का आरोप है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण सिर पर गंभीर चोट (हेमेटोमा) बताया गया है, जिससे स्पष्ट होता है कि मारपीट की गई थी। इसके बावजूद पुलिस द्वारा आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई।
आवेदन में कहा गया है कि मामले में नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़िता व उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। इससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।







Be First to Comment