Press "Enter" to skip to content

नरवर में पुरानी रंजिश ने ली जान, मारपीट में किसान की मौत; 5 पर हत्या का मामला दर्ज / Shivpuri News

शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरपुर में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने रविवार शाम हिंसक रूप ले लिया। गाली-गलौज और मारपीट के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम डोंगरपुर निवासी रमेश्वर रावत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि रविवार शाम करीब 7 बजे वह अपने पिता करन सिंह रावत और परिजनों के साथ घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान गांव का ही वीकेन्द्र रावत वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

आरोप है कि वीकेन्द्र रावत ने पहले फरियादी के साथ मारपीट की। इसके बाद संतोष रावत, रामकिशन रावत, देवी सिंह रावत और गयावती रावत भी मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान करन सिंह रावत को धक्का लगने से वह जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना में गुड्डी रावत, गोविन्दी रावत, मनीष रावत, सुल्तान सिंह रावत और संगीत रावत भी घायल बताए गए हैं। परिजन घायल करन सिंह को तत्काल नरवर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मामले में नरवर थाना पुलिस ने फरियादी रमेश्वर रावत की शिकायत पर वीकेन्द्र रावत, संतोष रावत, रामकिशन रावत, देवी सिंह रावत और गयावती रावत के खिलाफ हत्या, गाली-गलौज, मारपीट व अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।

थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!