शिवपुरी में आई तेज आंधी अब जानलेवा साबित हो रही है। पोलो ग्राउंड की दीवार गिरने से गंभीर रूप से घायल रन्नौद निवासी गिरजेश चंद्र आचार्य ने ग्वालियर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद आंधी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2 हो गई है।
जानकारी के अनुसार, गिरजेश चंद्र आचार्य शनिवार को आई तेज आंधी के दौरान पोलो ग्राउंड के पास मौजूद थे, तभी अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और वे उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में तीन लोग दब गए थे, जिनमें बृजेंद्र उर्फ गोलू और एक अन्य युवक भी शामिल थे।
घटना के तुरंत बाद घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां गिरजेश की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में इलाज के दौरान रविवार रात करीब 10 बजे उनकी मौत हो गई।
गौरतलब है कि इससे पहले इसी आंधी में नवग्रह मंदिर के पास थीम रोड पर एक अन्य हादसे में 50 वर्षीय ऑटो चालक रहीस खान की भी मौत हो चुकी है। वे आंधी से बचने के लिए रुके थे, तभी होर्डिंग और मलबा गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
तेज आंधी के कारण जिलेभर में भारी नुकसान हुआ है। कई जगह पेड़, होर्डिंग और हाईमास्ट पोल गिर गए, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में आगजनी की घटनाएं भी सामने आई हैं। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है।








Be First to Comment