शिवपुरी। जिले में अवैध रेत खनन एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। करैरा थाना क्षेत्र के भैंसा सुनारी गांव में महुअर नदी में बने गहरे गड्ढों में डूबने से सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चों की पहचान सुमित केवट (7) और ज्योतिका केवट (5) के रूप में हुई है। दोनों बच्चे घर के पास खेलते-खेलते नदी किनारे पहुंच गए, जहां अवैध खनन के कारण बने गहरे गड्ढों में पानी भरा हुआ था। खेलते समय दोनों बच्चे उसमें उतर गए और डूबने लगे।
परिजनों के अनुसार, घटना के समय बच्चों के माता-पिता बाजार गए हुए थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि महुअर नदी में लगातार अवैध रेत खनन किया जा रहा है, जिससे नदी का स्वरूप बिगड़ गया है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। यही गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं।
खनन से बढ़ा खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि लमकना घाट सहित कई स्थानों पर अवैध खनन जारी है। नदी में बने गहरे गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे खासकर बच्चों के लिए खतरा और बढ़ गया है।
प्रशासन द्वारा समय-समय पर कार्रवाई के दावे किए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद अवैध खनन पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है। इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और लोगों ने खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।








Be First to Comment