शिवपुरी। जिले के खनियांधाना विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय झूतरी में पदस्थ शिक्षक देशराज अहिरवार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। वीडियो में शिक्षक स्कूल समय के दौरान शराब के नशे में सड़क पर धुत हालत में नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय शिक्षक ड्यूटी पर थे, लेकिन नशे की हालत इतनी गंभीर थी कि उन्हें अपने होश तक नहीं थे। वायरल वीडियो में वे मोटरसाइकिल पर बैठने की कोशिश करते दिखाई देते हैं, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण बार-बार गिर पड़ते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उनकी स्थिति ऐसी थी कि वे ठीक से चल भी नहीं पा रहे थे।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि स्कूल समय में इस तरह का व्यवहार बेहद आपत्तिजनक है। उनका कहना है कि जिन शिक्षकों के कंधों पर बच्चों के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी होती है, यदि वही नशे में ड्यूटी पर आएंगे तो बच्चों को क्या संदेश मिलेगा।
यह घटना शिक्षा व्यवस्था में निगरानी की कमी और अनुशासनहीनता को उजागर करती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लापरवाह शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला जिला शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों तक पहुंच चुका है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है—निलंबन जैसी सख्त कार्रवाई या केवल नोटिस देकर मामला शांत किया जाता है।







Be First to Comment