शिवपुरी — शहर के वार्ड क्रमांक 36, झुग्गा कॉलोनी क्षेत्र के रहवासियों ने गली में जलभराव और सड़क-नाली निर्माण न होने से हो रही परेशानी को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। नागरिकों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।
आवेदन में बताया गया है कि उक्त गली में आज तक सीसी रोड और नाली का निर्माण नहीं हुआ है। करीब 250 मीटर लंबी कच्ची गली होने के कारण बारिश के समय पानी भर जाता है और निकलने का कोई रास्ता नहीं रहता। तीन तरफ से पानी आने के कारण पूरी गली जलमग्न हो जाती है, जिससे घरों में पानी घुसने का खतरा बना रहता है।
रहवासियों के अनुसार, गली में छोटे-छोटे बच्चों और स्कूली छात्रों को निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे आवागमन लगभग ठप हो जाता है।
नागरिकों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार वार्ड पार्षद एमडी गुर्जर को भी अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है और कार्य शुरू नहीं हुआ।
वार्डवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि बरसात से पहले उनकी गली में सीसी रोड और नाली का निर्माण कराया जाए, ताकि जलभराव की समस्या से निजात मिल सके।







Be First to Comment